
गरियाबंद:- राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम टेका में 27 सितंबर को राज कुमार भारद्वाज का शव घर की खिड़की में फांसी के फंदे पर मिला था। घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के पांच लोगों ने राज कुमार के साथ मारपीट की और उसकी हत्या की गई। इसी आरोप को लेकर परिजन और सतनामी समाज लगातार मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से समाज में नाराजगी है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग राजिम थाना पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर थाना परिसर में बैठ गए। समाज के लोगों का कहना है कि जब तक मामले में उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी मांग को लेकर थाना में मौजूद रहेंगे।
समाज की ओर से पहले ही चेतावनी दी गई थी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो राजिम थाना का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल बड़ी संख्या में समाज के लोगों के थाना पहुंचने से पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच को लेकर लोगों की नजर बनी हुई है।









