
गरियाबंद:- विकासखंड फिंगेश्वर में नवनियुक्त जनपद मुख्य कार्यपालन अधिकारी की जॉइनिंग के बाद पंचायतों के भुगतान को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पंचायत स्तर से जुड़े कुछ लोगों का आरोप है कि कमीशन के नाम पर भुगतान रोके जा रहे हैं, जिसके चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पंचायतों से जुड़े लोगों के अनुसार, जब से नए सीईओ की जॉइनिंग हुई है, तब से अन्य मदों को छोड़िए, जनपद की निजी मद, 15वें वित्त जनपद स्तर एवं जनपद पंचायत विकास निधि से आज तक एक भी भुगतान किसी पंचायत को नहीं हुआ है। भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित होने के कारण विकास कार्यों से जुड़े लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी बीच पंचायत सचिवों के ट्रांसफर के नाम पर भी पैसों की मांग किए जाने का आरोप सामने आया है। वहीं, नवनियुक्त जनपद सीईओ की ओर से विभिन्न मामलों में अनेक डिमांड किए जाने की बात भी पंचायत स्तर पर कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि भुगतान किसी प्रशासनिक, तकनीकी अथवा दस्तावेजी प्रक्रिया के कारण लंबित है तो संबंधित पंचायतों को इसकी स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि स्थिति साफ हो सके और विकास कार्य प्रभावित न हों।
कमीशन के नाम पर भुगतान रुकने और सचिव ट्रांसफर के नाम पर पैसों की मांग के आरोपों ने जनपद पंचायत फिंगेश्वर की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कमीशन के नाम पर भुगतान रुके होने के आरोप, फिंगेश्वर में विकास कार्य प्रभावित होने की चर्चा">








