
3 दिन में अतिक्रमण नहीं हटा तो 20 जुलाई को नगर पालिका में धरना आंदोलन
तखतपुर नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत पुराना थाना स्थित शासकीय भूमि पर प्रस्तावित “चौपाटी” के निर्माण में हो रही लापरवाही और अवैध कब्जे को लेकर भाजपा पार्षद दल ने प्रशासन को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया है। 
नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर ने कहा कि तखतपुर विधायक जी के अथक प्रयासों से नगर की जनता के मनोरंजन और विकास के लिए “सुंदर चौपाटी” का निर्माण होना है। लेकिन नगर पालिका द्वारा इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर ध्यान न देने के कारण कोई भी व्यक्ति जाकर उस जमीन पर कब्जा कर रहा है।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा तखतपुर के विकास के लिए ईमानदारी से काम नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से अतिक्रमणकारी बेखौफ होकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे हैं।
कोमल सिंह ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में पहले भी बिलासपुर कलेक्टर और एसडीएम को लिखित शिकायत की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि चौपाटी की निर्धारित जगह के बीच में शौचालय निर्माण किया जा रहा है। इससे चौपाटी की जगह छोटी हो रही है और आने-जाने की जगह सकरी हो जाएगी। जिस स्थान पर लोग अतिक्रमण कर रहे हैं, उसी स्थान पर शौचालय बनाए जाने की मांग की गई थी। लेकिन पता नहीं किनके इशारे पर लोग जमीन का अतिक्रमण कर रहे हैं। यह तखतपुर के विकास के लिए अत्यंत “चिंतनीय विषय” है।
भाजपा पार्षद दल ने मांग की है कि अवैध अतिक्रमण करने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर 3 दिन के भीतर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
यदि प्रशासन द्वारा समय-सीमा में कार्रवाई नहीं की गई तो सोमवार 20 जुलाई 2026 को भाजपा पार्षद दल नगर पालिका कार्यालय तखतपुर के समक्ष उग्र आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगा। इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर कैलाश देवांगन इस्लाम अंसारी सुनील आहूजा दिलीप तोलानी सुरेश देवांगन उपस्थित रहे

“चौपाटी की जमीन पर अतिक्रमण और लापरवाही बर्दाश्त नहीं” – नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर">








