ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर:— तारबाहर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने तेज रफ्तार कार से मकान का मुख्य गेट तोड़ते हुए घर के अंदर घुसाकर परिवार को जान से मारने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मकान मालिक और उनके परिजन समय रहते हट गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद तारबाहर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष तिवारी (45), निवासी देहरादून (उत्तराखंड) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार (MP-04-CX-6273) और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन विवेचना जारी है।









