ब्यूरो रिपोर्ट समय न्यूज़ लाइव
बिलासपुर :—सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान में हुई नकबजनी की वारदात का चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने शातिर आरोपी शुभम यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया करीब 3 लाख रुपये का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष किंगडम के सामने स्थित गोपाल किराना दुकान में अज्ञात चोर ने पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और गल्ले से 2.50 लाख रुपये नगद, स्मार्ट वॉच, एयरफोन, चांदी के सिक्के, मूर्तियां तथा जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अशोक नगर निवासी शुभम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने नशे की हालत में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद कर ली और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









